पंडित अलगू राय शास्त्री के नाम पर मऊ रोडवेज डिपो, गांव से जनपद तक खुशी की लहर

कैबिनेट मंत्री एके शर्मा की पहल पर मिला ऐतिहासिक सम्मान, अमिला गांव में बांटी गई मिठाइयां

मऊ, संवाददाता। जनपद मऊ के लिए यह गर्व का क्षण है कि मऊ रोडवेज डिपो का नाम अब स्वतंत्रता सेनानी

और घोसी के प्रथम सांसद पंडित अलगू राय शास्त्री के नाम पर रखा गया है।

इस फैसले के बाद जिले भर में खुशी की लहर दौड़ गई है।

शुक्रवार को उनके पैतृक गांव अमिला (कोट) में लोगों ने एक-दूसरे को मिठाई खिलाकर हर्ष व्यक्त किया।


यह नामकरण प्रदेश सरकार में कैबिनेट मंत्री एके शर्मा की पहल पर संभव हो सका।

मऊ रोडवेज डिपो के नामकरण को लेकर 5 जनवरी 2024 को जिलाधिकारी की अध्यक्षता में एक अहम बैठक हुई थी।

बैठक में मधुबन, मुहम्मदाबाद गोहना और घोसी के विधायक,

एआरएम और आरटीओ सहित अन्य नामित सदस्य शामिल थे।

सभी सदस्यों ने सर्वसम्मति से डिपो का नाम पंडित अलगू राय शास्त्री रखने पर सहमति जताई थी।

इसके बाद अब डिपो भवन पर उनके नाम का बोर्ड भी लगा दिया गया है।

स्वतंत्रता संग्राम में रहा ऐतिहासिक योगदान

पंडित अलगू राय शास्त्री का जन्म 29 जनवरी 1900 को अमिला कोट गांव में एक गरीब भूमिहार ब्राह्मण परिवार में हुआ था।

उन्होंने देश, समाज और संस्कृति की सेवा को ही अपने जीवन का उद्देश्य बनाया।

स्वतंत्रता आंदोलन के दौरान वे अंग्रेजी हुकूमत के लिए चुनौती बन गए थे।


भारत छोड़ो आंदोलन 1942 के दौरान उनके नेतृत्व में करीब 800 क्रांतिकारियों ने अमिला रेलवे स्टेशन को फूंक दिया और रेल पटरियां उखाड़ दीं।

अमिला टाउन एरिया भी क्रांतिकारी गतिविधियों से अछूता नहीं रहा।

इससे बौखलाए अंग्रेजों ने 14 अगस्त 1942 को उनके घर में आग लगा दी, लेकिन वे अपने क्रांतिकारी तेवर से पीछे नहीं हटे।

राजनीतिक और सामाजिक जीवन रहा प्रेरणादायक

आजादी के बाद भी पंडित अलगू राय शास्त्री का योगदान देश और प्रदेश के लिए अहम रहा।

वे घोसी लोकसभा क्षेत्र के प्रथम सांसद, संविधान सभा के सदस्य और उत्तर प्रदेश कांग्रेस कमेटी के दो बार अध्यक्ष रहे।

उन्होंने लोकतंत्र और सामाजिक न्याय की मजबूत नींव रखने में अहम भूमिका निभाई।

नामकरण से बढ़ेगा जनपद का गौरव

नामकरण के बाद उनके परिजनों और नगरवासियों में उत्साह देखा गया।

देवेंद्र राय ने कहा कि मऊ रोडवेज डिपो का नाम पंडित अलगू राय शास्त्री के नाम पर रखा जाना पूरे जनपद के लिए सम्मान की बात है।

इससे बाहर से आने वाले यात्रियों को भी इस महान स्वतंत्रता सेनानी के बारे में जानने का अवसर मिलेगा।

इस अवसर पर सत्यव्रत राय शास्त्री, वीरू राय, मुन्ना गुप्ता, गुड्डू शर्मा, राजेश यादव, अनिल कुमार, विधिचंद, पिंटू राय और दुबरी लाल सहित कई गणमान्य लोग मौजूद रहे।

मऊ में फर्जी कंपनी का बड़ा घोटाला, 17 लोगों से 30 लाख की ठगी, केस दर्ज


अगर आप Mau और Mau के आसपास की हर खबर पाना चाहते हैं— हमारे WhatsApp चैनल ज़रुर join करें

Channel link :

https://whatsapp.com/channel/0029VbC0Yb08fewo8xVL9N2u

Leave a Comment